
रायपुर:ओलंपिक, विश्व कप, एशियाड और राष्ट्रमंडल खेलों जैसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों को यात्रा खर्च और उच्च गुणवत्ता वाले खेल उपकरणों के लिए तीन लाख रुपए तक की आर्थिक सहायता मिलेगी। खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने छत्तीसगढ़ क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए पात्र खिलाड़ियों से आवेदन मंगाए हैं। योजना में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भागीदारी के लिए यात्रा व्यय और खेल उपकरणों पर होने वाले वास्तविक खर्च अथवा अधिकतम तीन लाख रुपए, दोनों में से जो राशि कम होगी, वह प्रोत्साहन के रूप में दी जाएगी। पात्र खिलाड़ियों से इसके लिए 30 नवम्बर तक आवेदन मंगाए गए हैं।
राज्य शासन द्वारा छत्तीसगढ़ क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों को प्रतियोगिताओं में भाग लेने और आवश्यक खेल संसाधन जुटाने के लिए वित्तीय सहयोग उपलब्ध कराया जाता है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने योजना में खिलाड़ियों की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भागीदारी के लिए यात्रा व्यय के साथ खेल उपकरणों की जरूरतों को भी शामिल किया है।







