रायपुर:छत्तीसगढ़ स्क्वैश एसोसिएशन के तत्वावधान में बुढ़ापारा स्थित स्क्वैश कॉम्प्लेक्स में आयोजित सीनियर छत्तीसगढ़ स्क्वैश चैंपियनशिप 2026 का समापन रोमांचक मुकाबलों के साथ हुआ। प्रतियोगिता में रेयांश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। फाइनल मुकाबले में उन्होंने विदिक करकशे को सीधे तीन गेमों में 12–10, 11–8, 11–9 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। विदिक करकशे उपविजेता रहे, जबकि दिव्यम उपाध्याय ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
पहले सेमीफाइनल में रेयांश ने दिव्यम उपाध्याय को 14–12, 11–7, 11–8 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। पहले गेम में दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला, जिसमें रेयांश ने 14–12 से जीत दर्ज की। इसके बाद उन्होंने लगातार दो गेम जीतकर फाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित की।
दूसरे सेमीफाइनल में विदिक करकशे ने अर्चित सक्सेना को पाँच गेम तक चले रोमांचक मुकाबले में 11–8, 4–11, 11–8, 9–11, 11–7 से पराजित किया। निर्णायक गेम में बेहतर खेल का प्रदर्शन करते हुए विदिक ने फाइनल में प्रवेश किया।
तीसरे स्थान के मुकाबले में दिव्यम उपाध्याय ने अर्चित सक्सेना को 5–11, 11–2, 11–8 से हराया। पहला गेम गंवाने के बाद दिव्यम ने शानदार वापसी करते हुए लगातार दो गेम जीतकर तीसरा स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता के अंतिम परिणामों में रेयांश प्रथम, विदिक करकशे द्वितीय, दिव्यम उपाध्याय तृतीय तथा अर्चित सक्सेना चौथे स्थान पर रहे।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ स्क्वैश एसोसिएशन के उपाध्यक्ष डॉ मनोज अग्रवाल एवं अन्य पदाधिकारीगण एवं खेल से जुड़े गणमान्यजन उपस्थित रहे। पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं से प्रदेश में स्क्वैश खेल को बढ़ावा मिलेगा तथा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर प्राप्त होगा।
छत्तीसगढ़ स्क्वैश एसोसिएशन ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों एवं खेलप्रेमियों का आभार व्यक्त किया।







