
रायपुर:चक्रवाती तूफान अकवान के प्रभाव से बेमेतरा जिले में हुई असामयिक वर्षा और मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए कृषि विभाग ने किसानों के लिए महत्वपूर्ण सलाह जारी की है। विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे अपनी खड़ी एवं कटाई के बाद खेतों तथा खलिहानों में रखी धान की फसल को सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक सावधानी बरतें। साथ ही चक्रवाती तूफान और असामयिक वर्षा के कारण फसलों को नुकसान पहुंचने की स्थिति में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत निर्धारित समय-सीमा में इसकी सूचना अनिवार्य रूप से दें, ताकि पात्र किसानों को नियमानुसार बीमा दावा राशि का लाभ मिल सके।
कृषि विभाग द्वारा जारी सलाह में बताया गया है कि चक्रवाती तूफान अकवान के कारण जिले में असामयिक वर्षा हुई है। इससे विशेष रूप से धान की कटाई कर चुके किसानों की चिंताएं बढ़ सकती हैं। खेतों और खलिहानों में रखी धान की फसल के बारिश में भीगने तथा अधिक नमी के कारण खराब होने की आशंका को देखते हुए किसानों को सतर्क रहने की आवश्यकता है। विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं, बल्कि समय रहते फसल की सुरक्षा के उपाय अपनाएं और नुकसान होने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित करें।
फसल नुकसान की सूचना देने के लिए 72 घंटे की समय-सीमा महत्वपूर्ण
कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत फसल क्षति की सूचना निर्धारित समय-सीमा में देना अत्यंत आवश्यक है। जिन किसानों की बीमित फसल को चक्रवाती तूफान और असामयिक वर्षा से नुकसान पहुंचा है, वे नुकसान होने के 72 घंटे के भीतर कृषि रक्षक पोर्टल के टोल फ्री नंबर 14447 पर इसकी सूचना दर्ज कराएं।








