
रायपुर:किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए दूर जाना, परिवहन पर अतिरिक्त खर्च करना और लंबी कतारों में इंतजार करना पड़ता था। इन परेशानियों को कम करने और कृषि सुविधाओं को किसानों के करीब पहुंचाने के उद्देश्य से राज्य शासन द्वारा नवीन धान उपार्जन केंद्रों की स्थापना की गई है। इसका लाभ अब ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों को मिलने लगा है। ग्राम तमरुवा के किसान मेघूराम सिन्हा भी नवीन धान उपार्जन केंद्र खुलने से मिली सुविधा से खुश हैं।
ग्राम तमरुवा निवासी मेघूराम सिन्हा पिता बाबूलाल सिन्हा के पास लगभग चार एकड़ कृषि भूमि है। उन्होंने चालू खरीफ सीजन में नवीन धान उपार्जन केंद्र में समर्थन मूल्य पर 80 क्विंटल धान का विक्रय किया। वे बताते हैं कि पहले धान बेचने के लिए उन्हें दूसरे गांव जाना पड़ता था। एक ही केंद्र में आठ गांवों के किसानों के पहुंचने से भीड़ अधिक रहती थी, जिससे समय और परिवहन खर्च दोनों बढ़ जाते थे। अब ग्राम चुचरुंगपुर-तमरुवा में नवीन धान उपार्जन केंद्र खुलने से किसानों को बड़ी राहत मिली है। पहले जहां आठ गांवों के किसान एक ही केंद्र पर निर्भर थे, वहीं अब गांवों का विभाजन होने से चार गांवों के किसान ही संबंधित केंद्र में पहुंच रहे हैं। इससे किसानों की संख्या और भीड़ लगभग आधी हो गई है तथा धान खरीदी की प्रक्रिया पहले से अधिक सहज हुई है।










