
रायपुर:। राजधानी रायपुर के वार्ड क्रमांक 26, गुढ़ियारी क्षेत्र के शुक्रवारी बाजार, कुंद्रापारा, नवीन स्कूल गली, कुकरी तालाब, मरही माता मार्ग, पहाड़ी चौक एवं मंगल बाजार सहित आसपास के मोहल्लों के निवासियों को रेलवे स्टेशन जाने वाले पुराने पैदल मार्ग के बंद हो जाने से भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
क्षेत्रवासियों के अनुसार कुंद्रापारा के पास से रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाला यह पैदल मार्ग पिछले लगभग 80 वर्षों से आम नागरिकों के आवागमन का प्रमुख रास्ता रहा है। इस मार्ग का उपयोग क्षेत्र के हजारों लोग प्रतिदिन रेलवे स्टेशन आने-जाने के लिए करते रहे हैं। लेकिन रेलवे प्रशासन द्वारा इस मार्ग पर बाउंड्रीवाल कराकर रास्ता बंद कर दिए जाने से आम जनता के सामने आवागमन की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है।
आज इस समस्या को लेकर गुढ़ियारी परिक्षेत्र के बड़ी संख्या में मोहल्लेवासियों एवं नागरिकों ने शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री कुमार मेनन एवं रायपुर पश्चिम के पूर्व विधायक श्री विकास उपाध्याय से मुलाकात कर अपनी परेशानी बताई तथा इस पुराने पैदल मार्ग को पुनः खुलवाने के लिए हस्तक्षेप करने का आग्रह किया।
क्षेत्रवासियों ने मांग की कि रेलवे प्रशासन एवं डीआरएम से तत्काल चर्चा कर इस 80 साल पुराने परंपरागत पैदल मार्ग को आम जनता के लिए पुनः प्रारंभ कराया जाए, ताकि बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों, विद्यार्थियों एवं रोजाना आने-जाने वाले नागरिकों को हो रही परेशानियों से राहत मिल सके।
इस अवसर पर पूर्व विधायक विकास उपाध्याय एवं शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कुमार मेनन ने क्षेत्रवासियों की समस्या को गंभीरता से सुना और रेलवे के डीआरएम से चर्चा कर इस समस्या का समाधान कराने की दिशा में पहल करने का आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि आम जनता के वर्षों पुराने आवागमन के रास्ते को बंद किए जाने से हजारों लोगों को परेशानी हो रही है। जनहित से जुड़े इस मुद्दे को रेलवे प्रशासन के समक्ष प्रमुखता से उठाया जाएगा और क्षेत्र की जनता को राहत दिलाने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिक सुंदर जोगी, अन्नू साहू, दाऊलाल साहू, तोरन साहू, अनिल बर्गे, बल्ली भैया, रामदास कुर्रे, कुतुबुद्दीन, घनश्याम देवांगन, गजेंद्र ठाकुर, अज्जू ठाकुर, रिंकू हुकरे, आकाश दीवान, वेंकट भाई, ईश्वर चक्रधारी, मोहम्मद शादिक, दीपेंद्र ठाकुर, शानू दीवान, ईश्वर जांगड़े, पुष्पेन्द्र यादव सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक एवं मोहल्लेवासी उपस्थित रहे।









