
रायपुर:मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज जशपुर जिले के कुनकुरी विकासखंड अंतर्गत ग्राम जोकरी में आयोजित कार्यक्रम में जिलेवासियों को 33 करोड़ 78 लाख रुपये के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने एक उच्चस्तरीय पुल तथा दो विद्युत उपकेंद्रों का लोकार्पण करने के साथ ही चार नए उच्चस्तरीय पुलों के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। इन विकास कार्यों से जिले के दूरस्थ ग्रामीण अंचलों में आवागमन की सुविधाओं का विस्तार होगा और बिजली आपूर्ति व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री श्री साय ने इस अवसर पर कहा कि गांवों का विकास ही प्रदेश की समृद्धि का आधार है। हमारी सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पुल-पुलिया, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि नदी-नालों पर पुलों के निर्माण से बरसात के दिनों में आवागमन की कठिनाइयां दूर होंगी। ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और व्यापार के लिए जिला एवं विकासखंड मुख्यालयों तक पहुंचने में सुविधा होगी।





