
रायपुर:प्रकृति अपनी गोद में अनगिनत धरोहरों को संजोए रखती है। कहीं नदियों की कलकल ध्वनि जीवन का संगीत रचती है, तो कहीं तालाब और झीलें जैव विविधता के अनमोल संसार को अपने भीतर समेटे रहती हैं। ये जलस्रोत केवल पानी के भंडार नहीं, बल्कि असंख्य जीव-जंतुओं, वनस्पतियों और पक्षियों के जीवन का आधार होते हैं। इनके किनारों पर पनपता प्राकृतिक संसार मानव और प्रकृति के बीच सदियों पुराने रिश्ते की कहानी कहता है। ऐसी ही एक प्राकृतिक धरोहर है धमतरी जिले के भखारा का आमा तालाब, जो अब अपनी स्थानीय पहचान से आगे बढ़कर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने की दिशा में अग्रसर है।
विधायक एवं पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर की पहल और जिला प्रशासन के सहयोग से आमा तालाब को रामसर साइट के रूप में विकसित एवं नामांकित करने के प्रयास तेज हुए हैं। यह पहल केवल एक तालाब के विकास की परिकल्पना नहीं, बल्कि प्रकृति की विरासत को सुरक्षित रखने और आने वाली पीढ़ियों को समृद्ध पर्यावरण सौंपने का दूरदर्शी प्रयास है।
इस दिशा में भारतीय वनस्पति सर्वेक्षण (बीएसआई), प्रयागराज तथा छत्तीसगढ़ वेटलैंड प्राधिकरण के विशेषज्ञों की टीम ने आमा तालाब का निरीक्षण कर इसकी पर्यावरणीय और जैविक संभावनाओं का आकलन किया। विशेषज्ञों ने तालाब की प्राकृतिक संरचना, जैव विविधता, जलीय पारिस्थितिकी, प्रवासी पक्षियों के आगमन तथा उनके अनुकूल पर्यावास की संभावनाओं का बारीकी से अध्ययन किया। इस निरीक्षण के आधार पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी। इसके बाद संरक्षण एवं विकास संबंधी प्रस्ताव राज्य सरकार के माध्यम से केंद्र सरकार को भेजने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
आमा तालाब की विशेषता केवल इसका जल विस्तार नहीं, बल्कि इससे जुड़ी प्राकृतिक संभावनाएं हैं। यदि यहां जैव विविधता के अनुकूल वातावरण को संरक्षित और विकसित किया जाता है, तो यह प्रवासी पक्षियों के लिए महत्वपूर्ण आश्रय स्थल बन सकता है। दूर देशों और प्रदेशों से आने वाले पक्षियों का कलरव, जल में पनपता जलीय जीवन और आसपास की हरियाली इस क्षेत्र को प्रकृति प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र बना सकती है। इस प्रकार आमा तालाब पर्यावरण संरक्षण के साथ प्रकृति आधारित पर्यटन और स्थानीय आजीविका के नए अवसरों का माध्यम भी बन सकता है।








