
रायपुर:अंचल के इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया के प्रसिद्ध, वरिष्ठ पत्रकार डॉ. समरेंद्र शर्मा की नई किताब ‘ओटीटी का अक्कड़-बक्कड़ : मनोरंजन या मायाजाल’ जल्द ही पाठकों के बीच आने वाली है। इस पुस्तक में ओटीटी प्लेटफॉर्म के तेजी से बदलते स्वरूप, मनोरंजन की नई दुनिया, उस पर उपलब्ध कंटेंट और समाज एवं जीवनशैली पर पड़ने वाले उसके प्रभावों को केंद्र में रखा गया है। पुस्तक के माध्यम से ओटीटी की दुनिया के विभिन्न पहलुओं, उसकी संभावनाओं, चुनौतियों और सामाजिक प्रभावों पर विचार किया गया है।
डॉ. समरेंद्र शर्मा को पत्रकारिता के क्षेत्र में ढाई दशकों से अधिक का अनुभव है। उनकी स्कूली एवं महाविद्यालयीन शिक्षा रायपुर में हुई। उन्होंने पत्रकारिता में स्नातक, स्नातकोत्तर और पीएचडी की उपाधि प्राप्त की है। इसके अलावा वे अंग्रेजी में स्नातकोत्तर तथा विधि स्नातक (एलएलबी) भी हैं।
अपने लंबे पत्रकारिता करियर में उन्होंने प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया के कई प्रतिष्ठित संस्थानों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। वे टाइम्स नाउ नवभारत, पी7, सहारा समय, जी 24 घंटे छत्तीसगढ़ और आईबीसी24 जैसे समाचार चैनलों के साथ देशबंधु, दैनिक भास्कर, संध्या दैनिक छत्तीसगढ़, द पायनियर और नई दुनिया जैसे समाचार पत्रों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा छत्तीसगढ़ जनसंपर्क विभाग की पत्रिका ‘जनमन’ में वरिष्ठ संपादकीय सलाहकार के रूप में भी कार्य कर चुके हैं।
वर्ष 2011 में उन्होंने साबरमती से दांडी तक लगभग 240 मील की पदयात्रा की विशेष रिपोर्टिंग की थी। इसके साथ ही रक्षा मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित डिफेंस कॉरेस्पॉन्डेंट कोर्स में भी सहभागिता की है।
छत्तीसगढ़ के बस्तर, सरगुजा सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में उनकी विशेष रिपोर्टिंग जनजीवन, सामाजिक परिस्थितियों और क्षेत्रीय सरोकारों पर केंद्रित रही है। संपादकीय प्रबंधन, राजनीतिक एवं सामाजिक पत्रकारिता तथा जमीनी रिपोर्टिंग उनके अनुभव के प्रमुख क्षेत्र रहे हैं।
डॉ. शर्मा की यह नई पुस्तक ओटीटी के बढ़ते प्रभाव और मनोरंजन की बदलती परिभाषा के बीच पाठकों को एक महत्वपूर्ण विमर्श से जोड़ने का प्रयास है। पुस्तक के जल्द ही प्रकाशित होकर पाठकों के बीच उपलब्ध होने की संभावना है।









