
रायपुर:मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के पर्यटन को नई पहचान दिलाने की दिशा में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के ग्राम चंदलीडीह में रामनामी इको टूरिज्म की शुरुआत की गई है। शुभारंभ के पहले ही दिन विदेशी पर्यटकों ने यहां पहुंचकर प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक विरासत का अनुभव किया।
यहां पर्यटक नौकायन, कायाकिंग, बांस के बेड़े की सवारी, रात्रिकालीन कैंपिंग और सतखंडा पहाड़ की पदयात्रा जैसी रोमांचक गतिविधियों का आनंद ले सकेंगे। साथ ही रामनामी समाज की अनूठी आस्था, परंपराओं और जीवनशैली से भी रूबरू होंगे।
इस पहल से रामनामी समाज की सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलेगी। वहीं स्थानीय युवाओं, महिलाओं और ग्रामीणों के लिए पर्यटन आधारित रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
सुशासन सरकार का प्रयास है कि छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक पहचान मिले तथा पर्यटन विकास से स्थानीय समुदाय की समृद्धि के नए द्वार खुलें।








