
रायपुर:मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के दूरस्थ एवं जनजातीय बहुल क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और सड़क संपर्क व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन) के तहत जशपुर जिले को पांच वृहद पुलों के निर्माण की सौगात मिली है। राज्य शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा इन पुलों के निर्माण के लिए कुल 16 करोड़ 3 लाख 34 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
पीएम जनमन योजना के अंतर्गत वर्ष 2026-27 के बैच-I में भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा 6 नवंबर 2026 को जारी पत्र के अनुसार छत्तीसगढ़ में 167 पुलों के निर्माण की स्वीकृति दी गई है। इनमें जशपुर जिले के बगीचा विकासखंड के पांच वृहद पुल शामिल हैं। इन पुलों के निर्माण से विशेष रूप से दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी तथा ग्रामीण बसाहटों का मुख्य मार्गों से संपर्क मजबूत होगा।
’बगीचा विकासखंड में होगा 290 मीटर कुल लंबाई के पांच पुलों का निर्माण’
स्वीकृत कार्यों के तहत डंगरी से दरावाकोना मार्ग पर नाले में 60 मीटर लंबे पुल के निर्माण के लिए 3 करोड़ 56 लाख 23 हजार रुपये तथा जबला से नवापारा मार्ग पर नाले में 30 मीटर लंबे पुल के निर्माण के लिए 1 करोड़ 83 लाख 21 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।










