
रायपुर:मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर स्थित मेंडका डोबरा मैदान में आयोजित जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह को संबोधित करते हुए वन एवं जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने दंतेवाड़ा में जनजातीय गौरव वाटिका विकसित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज के महानायकों के संघर्ष, त्याग और बलिदान का इतिहास नई पीढ़ी तक पहुंचाना और उनकी गौरवशाली विरासत को संरक्षित करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
इस दिशा में वन विभाग को गौरव वाटिका की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, स्कूली बच्चों को छत्तीसगढ़ के जनजातीय संग्रहालय का भ्रमण कराने और पारंपरिक मेला-मड़ई के संरक्षण एवं बेहतर आयोजन के लिए भी पहल करने को कहा।
समारोह में जनजातीय संस्कृति और परंपराओं पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुईं। पद्मश्री सम्मानित डॉ. बुधरी ताती और डॉ. रामचंद्र गोडबोले सहित उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।









