
रायपुर:। पंजीयन की समय-सीमा, खरीदी के दिनों में कटौती, पिछले खरीफ सीजन का राइस मिलरों के बकाया चावल, उपार्जन केंद्रों में भंडारण की कमी, उठाव की अव्यवहारिक नीति, रकबा, गिरदावली की गड़बड़ियों, टोकन संकट और आदान सहायता व एमएसपी को लेकर सवाल उठाते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि भाजपा सरकार की नियत में खोट साफ दिख रही है। यह सरकार किसानों का पूरा धान खरीदना ही नहीं चाहती। पंजीयन 20 दिन पहले बंद कर लाखों किसानों को बाहर रखा गया, 15 दिन देरी और 15 दिन पहले खरीदी बंद करने से छुट्टियों के बाद महज 47 दिन ही धान खरीदी होगी। पिछले सीजन का 60 प्रतिशत मिलिंग का चावल अब तक जमा नहीं हुआ, केंद्रों में 30 प्रतिशत से भी कम भंडारण क्षमता है, 72 घंटे के उठाव और 31 मार्च की मिलिंग व्यवस्था खत्म कर दी गई, और रकबा कटौती, फर्जी गिरदावली, टोकन अव्यवस्था व 659 रुपये आदान सहायता के जरिए किसानों को 2,441 रुपये प्रति क्विंटल एमएसपी से वंचित किया जा रहा है। सरकार की दुर्भावना पूर्वक नीतियों से किसान कोचियों और बिचौलियों के शोषण का शिकार होने मजबूर हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि सरकार कागजों और विज्ञापनों में किसान हितैषी होने, रिकॉर्ड धान खरीदी करने और किसानों को तय मूल्य दिलाने का दावा करती है। जमीनी हकीकत यह है कि अब भी लाखों किसान अभी भी बाहर हैं। रकबा शून्य करने, रकबा कटौती, फर्जी गिरदावली, धान के खेत को अन्य फसल दिखाने और टोकन की अव्यवस्था ने जमीनी व्यवस्था को ठप कर दिया है। धान खरीदी बंद होने तक उठाव शुरू न करने का फैसला अव्यावहारिक है, इससे केंद्रों पर जाम और अव्यवस्था की स्थिति बनेगी। खरीदी अवधि घटाना और पंजीयन समय से पहले बंद करना छोटे व सीमांत किसानों को प्रक्रिया से बाहर करने की नीतिगत चूक या सोची-समझी रणनीति को दर्शाता है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि सरकार की बदनीयती से 659 रुपये आदान सहायता देकर 2,441 रुपये प्रति क्विंटल धान का एमएसपी प्राप्त करने से किसानों को वंचित रखने की स्थिति बन रही है, जिससे किसानों को मिलने वाले वास्तविक लाभ पर सीधा असर पड़ रहा है। पंजीयन से छूटे किसान अपनी उपज बेचने को लेकर अनिश्चितता में हैं। रकबा कटौती, फर्जी गिरदावली और धान को अन्य फसल दिखाने से किसानों का हक मारा जा रहा है। टोकन न मिलने या देरी से मिलने पर किसानों को मंडियों और समितियों के चक्कर काटने पड़ रहे है। पिछले खरीफ सीजन का अधिकांश चावल अब तक जमा नहीं होना इस सरकार के भ्रष्टाचार का प्रमाण है। भंडारण क्षमता कम होने और उठाव की समय-सीमा बदलने से समितियों पर दबाव बढ़ रहा है। सूखत, चूहे, दीमक, खराब मौसम से होने वाले नुकसान से सहकारी सोसायटियों पर अतिरिक्त बोझ बढ़ेगा, यह सरकार धान खरीदी के पूरे सिस्टम को बर्बाद करना चाहती है।








