
रायपुर:भारत सरकार के संसदीय कार्य मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप छत्तीसगढ़ में आज 26 नवंबर को संविधान दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा। इसके तहत प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रमों और जागरूकता गतिविधियों का आयोजन होगा। संस्कृति विभाग को समारोह के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए नोडल विभाग बनाया गया है।
26 नवंबर को सुबह जिला, विकासखंड, तहसील और ग्राम स्तर पर शासकीय कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर भारतीय संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन किया जाएगा।
18 से 26 नवंबर 2026 तक MY Gov पोर्टल पर आयोजित संविधान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में विद्यार्थी और युवा ऑनलाइन भाग ले सकते हैं। इसके माध्यम से प्रतिभागियों को भारतीय संविधान, उसके निर्माण, मूल सिद्धांतों, मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों और लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़ी जानकारी परखने और बढ़ाने का अवसर मिलेगा। इसके अतिरिक्त स्कूल-कॉलेजों में निबंध लेखन, वाद-विवाद, संगोष्ठी, परिचर्चा, पोस्टर एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।
सुशासन सरकार संविधान के आदर्शों, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने तथा युवाओं को संवैधानिक मूल्यों से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है।









