
Oplus_131072
रायपुर:राज्यपाल रमेन डेका के मुख्य आतिथ्य में आज लोकभवन में 7 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों का स्थापना दिवस हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया।
इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि यह आयोजन केवल राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के स्थापना दिवस मनाने का अवसर नहीं, बल्कि उनकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, गौरवशाली इतिहास, परंपराओं और विकास यात्रा को जानने-समझने तथा आपस में जुड़ने का माध्यम है। यह आयोजन हमारी विविधता को एकता के सूत्र में पिरोने और राष्ट्रीय एकता की भावना को सुदृढ़ करने का संदेश देता है।
राज्यपाल ने कहा कि हमारी भाषाएं, संस्कृतियां, परंपराएं और भौगोलिक विशेषताएं भले ही अलग-अलग हों, लेकिन हमारी राष्ट्रीय पहचान एक है। उन्होंने देश की रियासतों को एकजुट कर अखंड भारत के निर्माण में सरदार वल्लभभाई पटेल के ऐतिहासिक योगदान का स्मरण किया।
छत्तीसगढ़ के संदर्भ में राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री स्व अटल बिहारी वाजपेयी की दूरदर्शी सोच से छत्तीसगढ़ राज्य का गठन हुआ। छत्तीसगढ़ के बारे में लोग सोचते थे कि यह नक्सली राज्य है और यहां शांति नहीं है। लेकिन अब प्रदेश की पहचान बदल चुकी है। केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से बस्तर क्षेत्र में नक्सलवाद का प्रभाव समाप्त हो गया है और प्रदेश शांति, सुरक्षा तथा विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।










