
रायपुर:छत्तीसगढ़ को स्वास्थ्य सुविधाओं की बड़ी सौगात देंगे CM साय, ₹409 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की रखेंगे नींव
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 30 नवंबर को रायपुर के मेकाहारा परिसर में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण सौगातें देंगे।
इस अवसर पर ₹376 करोड़ से अधिक की लागत से बनने वाले 700 बिस्तरीय एकीकृत अस्पताल का शिलान्यास होगा। यहां गर्भवती माताओं, नवजात शिशुओं और बच्चों को अत्याधुनिक उपचार सुविधाएं एक ही छत के नीचे मिलेंगी। साथ ही, करीब ₹33 करोड़ की लागत से बनने वाले 536 बिस्तरीय परिजन विश्राम गृह की आधारशिला रखी जाएगी, जिससे दूर-दराज से आने वाले मरीजों के परिजनों को ठहरने की सुविधा मिलेगी।
मुख्यमंत्री राज्य के पहले शासकीय होम्योपैथिक महाविद्यालय और यूनिवर्सिटी में संचालित होने वाले पहले नर्सिंग कॉलेज का भी शुभारंभ करेंगे।
इन पहलों से प्रदेश में स्वास्थ्य अधोसंरचना, चिकित्सा शिक्षा और मरीजों की सुविधाओं का विस्तार होगा। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सुशासन सरकार गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं हर नागरिक तक पहुंचाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।









