
रायपुर:नॉर्थ अमेरिका छत्तीसगढ़ एसोसिएशन/एनआरआई एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ (NACHA) की विभिन्न अंतरराष्ट्रीय इकाइयों द्वारा दुनिया के कई देशों में ‘छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस’ एवं ‘दीपावली महोत्सव’ का भव्य आयोजन किया गया। पूरे महीने चले इन समारोहों में विभिन्न देशों में निवासरत हजारों प्रवासी छत्तीसगढ़ी परिवारों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर वैश्विक छत्तीसगढ़ी समुदाय की एकता, सांस्कृतिक गौरव और अपनी मातृभूमि के प्रति गहरे लगाव को प्रदर्शित किया।
विश्वभर में संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण
दुबई, सिडनी, मेलबर्न, यूनाइटेड किंगडम, कनाडा, यूरोप तथा अमेरिका के अनेक शहरों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों और सामुदायिक मिलन समारोहों का आयोजन हुआ। अमेरिका में न्यूयॉर्क, न्यू जर्सी, शिकागो, मिनेसोटा, मिशिगन, नॉर्थ कैरोलिना, साउथ कैरोलिना, कैलिफोर्निया, सिएटल, फ्लोरिडा, डलास, ह्यूस्टन और एरिजोना सहित कई स्थानों पर परिवारों ने उत्सव मनाया।
अधिकांश स्थानों पर कार्यक्रमों की शुरुआत छत्तीसगढ़ महतारी के समक्ष पुष्प अर्पित कर और दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसके बाद राजकीय गीत ‘अरपा पैरी के धार’ का सामूहिक गायन किया गया। पारंपरिक लोकनृत्य, लोकसंगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने प्रदेश की समृद्ध विरासत को जीवंत कर दिया। इन आयोजनों की खास बात बच्चों और युवाओं की सक्रिय भागीदारी रही, जिससे विदेश में पले-बढ़े बच्चों को अपनी जड़ों से जुड़ने और अपनी पहचान को गर्व के साथ प्रस्तुत करने का अवसर मिला।








