
बिलासपुर: पुलिस परेड मैदान में आयोजित जिला स्तरीय राज्योत्सव का शुभारंभ करते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि सशक्त नारियों और हुनरमंद युवाओं की भागीदारी से विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प साकार होगा।
उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना और बिहान के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है। युवाओं की शिक्षा, कौशल विकास और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए नए संस्थान एवं प्रत्येक जिले में नालंदा परिसर विकसित किए जा रहे हैं। खेल अलंकरण सम्मान पुनः शुरू किया गया है और छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर मिल रहा है।
श्री साव ने कहा कि प्रदेश की बेहतर औद्योगिक नीति से निवेश के नए अवसर बन रहे हैं। नक्सलवाद के विरुद्ध मिल रही सफलता से बस्तर सहित प्रदेश के क्षेत्रों में विकास के नए रास्ते खुल रहे हैं।उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री एवं छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माता भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को नमन करते हुए प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की बधाई दी।









