
रायपुर:नवा रायपुर में 3 नवंबर को छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 का भव्य समापन होगा। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह मुख्य अतिथि होंगे, जबकि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय समारोह की अध्यक्षता करेंगे। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रदेश की प्रतिभाओं को राज्य अलंकरण से सम्मानित किया जाएगा।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने बताया कि समापन की सांस्कृतिक शाम में पद्मश्री उषा बारले की पंडवानी प्रस्तुति और रात 9 बजे प्रसिद्ध पार्श्व गायक अभिजीत भट्टाचार्य के लोकप्रिय गीत आकर्षण का केंद्र होंगे।
शिल्पग्राम में आस्था भट्ट के भजन, आरती बारले और दिनेश कुमार जांगड़े का पंथी नृत्य, राकेश सेन का लोकमंच, पूर्णिमा साहू के जसगीत एवं जगराता, अभिषेक सोनकर का आदिवासी लोकसंगीत एवं नृत्य, दीपाली पाण्डेय और अनुष्णा रॉय चौधरी का कथक, वृद्धुमन वचस्पति भारती का सूफी संगीत तथा आनंदकुमार पाण्डेय की नाट्य प्रस्तुति सहित 10 सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
सुशासन सरकार प्रदेश की कला, संस्कृति और प्रतिभाओं को सम्मान एवं प्रोत्साहन देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। राज्योत्सव का यह समापन समारोह छत्तीसगढ़ के सांस्कृतिक गौरव और प्रतिभाओं के सम्मान का यादगार उत्सव बनेगा।








