
जगदलपुर :कुम्हरावण्ड स्थित शासकीय कृषि महाविद्यालय के सभागार में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि 2047 में जब देश स्वतंत्रता की शताब्दी मनाएगा, तब आज की अमृत पीढ़ी विकसित भारत की जिम्मेदारी संभाल रही होगी।
उन्होंने MY Bharat डिजिटल प्लेटफॉर्म को युवाओं के लिए नेतृत्व, नवाचार, मार्गदर्शन, स्वयंसेवा और करियर के नए अवसरों का माध्यम बताया। साथ ही प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के पंच प्रण को जीवन में अपनाने और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का संदेश दिया।
युवा संवाद में लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए युवाओं की भूमिका पर भी चर्चा हुई। डॉ. मांडविया ने पारदर्शी एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची और निष्पक्ष मतदान के महत्व को रेखांकित करते हुए युवाओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।








