
रायपुर:नवा रायपुर स्थित राज्योत्सव मैदान में आयोजित राज्योत्सव-2026 के द्वितीय दिवस समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि छत्तीसगढ़ ने विकास के 26 वर्षों की यात्रा पूरी कर नई जिम्मेदारियों और संभावनाओं के दौर में प्रवेश किया है। प्रदेश को सुशासन में आदर्श, अर्थव्यवस्था में सशक्त और सामाजिक समरसता में अग्रणी बनाने के लिए सभी नागरिकों की सहभागिता आवश्यक है।
उन्होंने बस्तर में शांति और विकास के नए वातावरण का उल्लेख करते हुए कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क, बिजली, संचार, शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका की सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। राज्यपाल ने नवा रायपुर में प्रस्तावित सेमीकंडक्टर इकाई और AI आधारित डेटा सेंटर पार्क को आधुनिक औद्योगिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि राज्योत्सव हमारी समृद्ध लोक संस्कृति, जनजातीय परंपराओं और विकास यात्रा का उत्सव है। उन्होंने लोक कलाकारों, शिल्पकारों और बुनकरों को प्रोत्साहन देने तथा लोक संस्कृति को पर्यटन और आजीविका से जोड़ने पर जोर दिया।








