
रायपुर:भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद-राष्ट्रीय जैविक स्ट्रेस प्रबंधन संस्थान, रायपुर द्वारा संचालित खेत बचाओ अभियान-रबी 2026 के अंतर्गत सोमवार को जिला बेमेतरा के नवागढ़ विकासखंड की ग्राम पंचायत मुरता में कृषक जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कुल 37 किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में संस्थान वैज्ञानिक डॉ. विनोद कुमार वाशनिक एवं डॉ. आशीष मराठे ने किसानों को मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, संतुलित उर्वरक उपयोग, प्राकृतिक एवं जैविक खेती तथा टिकाऊ कृषि पद्धतियों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने किसानों को रासायनिक उर्वरकों का संतुलित एवं आवश्यकता आधारित उपयोग करने, मृदा की उर्वरता बनाए रखने तथा फसल उत्पादन में प्राकृतिक एवं जैविक कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।








