
रायपुर:भारत औद्योगिक विकास योजना (BHAVYA) के तहत नवा रायपुर अटल नगर में प्रस्तावित औद्योगिक पार्क की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मुख्य सचिव श्री विकासशील की अध्यक्षता में स्टेट लेवल कमेटी की मंत्रालय महानदी भवन में हुई बैठक में परियोजना प्रस्ताव को भारत सरकार के समक्ष प्रस्तुत करने के लिए अनुमोदित किया गया।
करीब 406.72 एकड़ में प्रस्तावित इस पार्क में विभिन्न औद्योगिक गतिविधियों के लिए आवश्यक अधोसंरचना और सुविधाएं विकसित करने की योजना है। अब छत्तीसगढ़ कैपिटल रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी (CRDA) निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रस्ताव भारत सरकार के उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (DPIIT) को भेजेगी। परियोजना पर आगे की कार्रवाई केंद्र की स्वीकृति मिलने के बाद होगी।
सुशासन सरकार छत्तीसगढ़ में औद्योगिक अधोसंरचना के विस्तार, निवेश के अवसरों और रोजगार सृजन को गति देने की दिशा में कार्य कर रही है।








