
रायपुर:मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर जशपुर जिले में आदिवासी विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों के नए भवनों का निर्माण तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। फरसाबहार और कांसाबेल विकासखंड के ढुढरूडांड में सर्वसुविधायुक्त विद्यालय परिसरों का निर्माण किया जा रहा है। इनके पूर्ण होने के बाद विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण के साथ आवासीय, प्रयोगशाला, पुस्तकालय, कंप्यूटर, खेल सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध होंगी।
नए भवनों में विद्यार्थियों की शैक्षणिक आवश्यकताओं के साथ उनके सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इससे दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों के आदिवासी विद्यार्थियों को आधुनिक संसाधनों के बीच अध्ययन करने के साथ अपनी प्रतिभा और कौशल को निखारने के बेहतर अवसर मिलेंगे।
बटाईकेला से नए सर्वसुविधायुक्त परिसर में संचालित होगा विद्यालय
कांसाबेल क्षेत्र में वर्तमान में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय का संचालन बटाईकेला में किया जा रहा है। नए परिसर का निर्माण पूर्ण होने के बाद विद्यालय को विस्तृत एवं आधुनिक भवन में संचालित किया जाएगा। नए परिसर में कक्षाओं के साथ प्रयोगशाला, पुस्तकालय, कंप्यूटर आधारित शिक्षण, छात्रावास और खेल गतिविधियों के लिए आवश्यक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।










