
रायपुर:पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधे लगाना एक अत्यंत आवश्यक कदम है। पेड़ हवा को शुद्ध करते हैं, ऑक्सीजन देते हैं, तापमान नियंत्रित करते हैं और मिट्टी के कटाव को रोकते हैं। हम सबको मिलकर अधिक से अधिक पेड़ लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लेना चाहिए। बारिश के मौसम में पौधे लगाना सबसे अच्छा माना जाता है क्योंकि इन्हें पनपने के लिए प्राकृतिक पानी मिलता है।
पर्यावरण संरक्षण के लिए किया प्रेरित
वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में बलौदाबाजार वनमंडल के वन परिक्षेत्र बल्दाकछार में परिक्षेत्र स्तरीय वन महोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत बड़ी संख्या में पौधे लगाए गए और लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अधिक से अधिक वृक्षारोपण को बढ़ावा देना, पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना था।
जनप्रतिनिधियों और विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
कार्यक्रम में वनमंडलाधिकारी धम्मशील गणवीर, प्रभारी वन परिक्षेत्र अधिकारी एकता कर सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। इसके अलावा जनपद सदस्य, सरपंच, वन प्रबंधन समितियों के अध्यक्ष और सदस्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि, बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थी और ग्रामीणजन भी शामिल हुए। वृक्ष लगाएँ, जीवन बचाएँ क्योकि प्रकृति केवल हमारी विरासत ही नहीं, बल्कि उसका संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है।







