
रायपुर:आधुनिक तकनीक के माध्यम से बिजली सेवाओं को अधिक पारदर्शी, विश्वसनीय और उपभोक्ता हितैषी बनाने की दिशा में स्मार्ट मीटर प्रभावी साबित हो रहे हैं। अब उपभोक्ता न केवल अपनी बिजली खपत की सटीक जानकारी प्राप्त कर पा रहे हैं, बल्कि आवश्यकता के अनुसार बिजली उपयोग का बेहतर प्रबंधन भी कर रहे हैं। मनेन्द्रगढ़ निवासी अंकुर जैन का अनुभव इस बदलाव की एक सकारात्मक मिसाल बनकर सामने आया है।
अंकुर जैन बताते हैं कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली उपयोग को लेकर उनकी सोच और आदतों में सकारात्मक परिवर्तन आया है। पहले बिजली खपत का सही अनुमान केवल मासिक बिल आने या मीटर रीडिंग के बाद ही लग पाता था, लेकिन अब बिजली की खपत की जानकारी डिजिटल माध्यम से समय-समय पर उपलब्ध हो जाती है। इससे यह समझना आसान हो गया है कि किस समय और किन उपकरणों के कारण बिजली की अधिक खपत हो रही है।
उन्होंने बताया कि स्मार्ट मीटर की सबसे बड़ी विशेषता इसकी पारदर्शी बिलिंग व्यवस्था है। अब जितनी बिजली का उपयोग होता है, उसी के अनुरूप बिल प्राप्त होता है। इससे उपभोक्ताओं का विश्वास बढ़ा है और बिल संबंधी भ्रम की स्थिति भी काफी हद तक समाप्त हुई है। सही और सटीक जानकारी मिलने से बिजली उपयोग की योजना बनाना भी पहले की तुलना में अधिक आसान हो गया है।
अंकुर जैन ने कहा कि छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (सीएसपीडीसीएल) द्वारा उपलब्ध डिजिटल सुविधाओं के माध्यम से बिजली बिल, बिजली खपत और अन्य आवश्यक जानकारियां आसानी से देखी जा सकती हैं।






