जशपुर:मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर पुलिस लाइन में हेलमेट बैंक का शुभारंभ किया। इस पहल के तहत 1,000 हेलमेट उपलब्ध कराए गए हैं। अब बिना हेलमेट घर से निकले दोपहिया वाहन चालकों को जरूरत के समय पुलिस से अस्थायी रूप से हेलमेट मिल सकेगा। अपना जरूरी काम पूरा करने के बाद वे हेलमेट बैंक में इसे वापस जमा कर सकेंगे।
इससे अचानक यात्रा की जरूरत पड़ने पर हेलमेट खरीदने की बाध्यता नहीं होगी और नागरिक बिना हेलमेट वाहन चलाने के जोखिम से बच सकेंगे। जशपुर पुलिस का उद्देश्य हर दोपहिया चालक को हेलमेट के नियमित उपयोग के लिए प्रेरित करना है। मुख्यमंत्री ने नागरिकों से दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील की।सुशासन सरकार जनभागीदारी से सड़क सुरक्षा और सुरक्षित यातायात की संस्कृति को बढ़ावा दे रही है।








