
रायपुर:छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 26 गौरवशाली वर्षों के उपलक्ष्य में जिला मुख्यालय बेमेतरा के बेसिक मैदान में आयोजित जिला स्तरीय राज्योत्सव कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे दुर्ग लोकसभा सांसद श्री विजय बघेल का जिला पंचायत अध्यक्ष बेमेतरा श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी ने आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर उन्होंने सांसद श्री बघेल को पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया और जिले में आगमन पर शुभकामनाएं दीं। स्वागत के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी एवं सांसद विजय बघेल के बीच बेमेतरा जिले के विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। बातचीत में क्षेत्र की मूलभूत आवश्यकताओं, ग्रामीण अंचलों में विकास कार्यों की स्थिति, सड़क, शिक्षा, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाओं तथा आमजन से जुड़े विषयों को लेकर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को और गति देने तथा जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। इस दौरान कल्पना योगेश तिवारी ने क्षेत्र की आवश्यकताओं और जनता की अपेक्षाओं से सांसद श्री विजय बघेल को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के आपसी समन्वय और सहयोग से क्षेत्र की समस्याओं का बेहतर समाधान किया जा सकता है। विकास कार्यों का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे और ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाएं मजबूत हों, इसके लिए निरंतर प्रयास आवश्यक हैं। सांसद श्री विजय बघेल के साथ हुई इस मुलाकात में जिले के विकास को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई। दोनों ने जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाने और बेमेतरा जिले को विकास की नई दिशा देने के लिए समन्वय एवं सहयोग के साथ कार्य करने पर जोर दिया।








