
रायपुर:भाटापारा में एडीएम कार्यालय आरंभ होगा। बलौदाबाजार से भाटापारा मार्ग का चौड़ीकरण किया जाएगा। भाटापारा में सर्वसुविधायुक्त मंडी भी बनेगी। भाटापारा विधानसभा के ग्राम कडार में भेंट मुलाकात कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने यह बड़ी घोषणाएं की। उन्होंने निपनिया में थाना खोलने तथा भाटापारा में इंडोर स्टेडियम निर्माण करने तथा बिटकुली में जिला सहकारी बैंक की शाखा आरंभ करने जैसी महत्वपूर्ण घोषणा भी की। मुख्यमंत्री ने इस दौरान 128 करोड़ 54 लाख रुपए से अधिक विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास किया। इनमें 56 करोड़ 18 लाख रुपए के 174 विकास कार्यों का भूमिपूजन तथा 72 करोड़ 35 लाख रुपए के 36 विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विकास योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन से संबंधित जानकारी ली।










