
रायपुर:छत्तीसगढ़ में शासकीय डेटा की सुरक्षा, विभागों के बीच सुचारू डेटा साझाकरण और नागरिकों की डिजिटल निजता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में स्टेट डेटा गवर्नेंस कमेटी की पहली बैठक आयोजित हुई। इसमें DPDP एक्ट-2023 के प्रभावी क्रियान्वयन और राज्य में सुदृढ़ डेटा गवर्नेंस प्रणाली विकसित करने पर चर्चा हुई।
बैठक में सभी शासकीय एप्लीकेशन के लिए केंद्रीकृत कंसेंट मॉड्यूल, डेटा सुरक्षा की 24×7 निगरानी के लिए सिक्योरिटी ऑपरेशन सेंटर और विभागों के बीच सुरक्षित डेटा आदान-प्रदान हेतु ‘डिजिटल द्वार’ प्लेटफॉर्म को प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।
सुशासन सरकार का संकल्प है कि तकनीक के माध्यम से शासकीय सेवाओं को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाया जाए तथा प्रत्येक नागरिक की डिजिटल निजता और डेटा सुरक्षा सुनिश्चित हो।








