
रायपुर:मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार उच्च शिक्षा को गुणवत्तापूर्ण, रोजगारपरक और सर्वसुलभ बनाने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है। इसी का परिणाम है कि उच्च शिक्षा विभाग का बजट वर्ष 2023-24 के ₹1,277 करोड़ से बढ़कर वर्ष 2026-27 में ₹1,816 करोड़ हो गया है। पिछले तीन वर्षों में प्रदेश में 13 नए शासकीय महाविद्यालय प्रारंभ किए गए हैं।
नवा रायपुर अटल नगर स्थित संवाद ऑडिटोरियम में आयोजित पत्रकार वार्ता में उच्च शिक्षा मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने विभाग की उपलब्धियों, नवाचारों और भावी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 84 महाविद्यालयों के भवन निर्माण के लिए ₹418.25 करोड़ आवंटित किए गए हैं। वहीं, 148 शासकीय महाविद्यालयों में 10 हजार विद्यार्थी अंग्रेजी कम्युनिकेशन कोर्स का लाभ ले रहे हैं।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के क्रियान्वयन, इंटर्नशिप नीति-2026, डिजिटल सुविधाओं, नए पाठ्यक्रमों और शोध को बढ़ावा देकर विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ व्यावहारिक अनुभव और रोजगारपरक कौशल उपलब्ध कराया जा रहा है।









