
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंत्रालय महानदी भवन में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जिला अस्पतालों से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तक डॉक्टर, दवाइयां और जांच सुविधाएं उपलब्ध रहें। भविष्य की जरूरतों के अनुरूप स्वास्थ्य अधोसंरचना के विस्तार की दीर्घकालिक कार्ययोजना भी तैयार की जाए।
प्रदेश के 1,045 स्वास्थ्य संस्थानों में अटल आरोग्य लैब संचालित हैं, जबकि 25 नए डायलिसिस केंद्र शुरू किए जा रहे हैं। चिकित्सा शिक्षा के विस्तार के लिए 6 नए मेडिकल कॉलेज स्वीकृत किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने सुरक्षित प्रसव, मातृ-शिशु स्वास्थ्य और दूरस्थ अंचलों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने पर जोर दिया। जहां एम्बुलेंस नहीं पहुंच सकती, वहां वैकल्पिक परिवहन व्यवस्था विकसित करने तथा त्योहारी सीजन में मिलावट के विरुद्ध सघन जांच अभियान चलाने के निर्देश भी दिए।









