
रायपुर:रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर कोरिया जिले में महिला स्व-सहायता समूहों की मेहनत और स्थानीय उद्यमिता को नई पहचान मिली। कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने बैकुंठपुर बाजार पहुंचकर स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार की गई राखियां खरीदीं और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने धान से निर्मित आकर्षक राखियों की विशेष सराहना करते हुए कहा कि स्थानीय उत्पादों को अपनाने से महिला स्व-सहायता समूहों को बेहतर बाजार मिलेगा और उनकी आर्थिक आत्मनिर्भरता को नई मजबूती मिलेगी।
कलेक्टर श्रीमती यादव ने समूह की महिलाओं से संवाद करते हुए उनके हुनर, नवाचार और मेहनत की सराहना की। उन्होंने विभिन्न डिजाइनों और पारंपरिक कला से सुसज्जित राखियों का अवलोकन किया तथा कहा कि स्व-सहायता समूहों की महिलाएं अपने कौशल के बल पर न केवल परिवार की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ कर रही हैं, बल्कि स्थानीय उत्पादों को भी नई पहचान दिलाने का उल्लेखनीय कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं द्वारा तैयार की जा रही राखियां महिला सशक्तिकरण, स्वदेशी सोच और स्थानीय उद्यमिता का सशक्त प्रतीक हैं।









