
बेमेतरा: माँ भद्रकाली जिला मानस संघ, बेमेतरा की अभिनव पहल एवं जय गंगा माँ कार्यसमिति, नेवनारा तथा श्री चंडी आश्रम ट्रस्ट समिति के विशेष सहयोग से आयोजित त्रिदिवसीय आवासीय संगीत एवं व्याख्यान कार्यशाला का शुभारंभ चंडी आश्रम, नेवनारा में अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ पूज्य मौनी महाराज के करकमलों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। वैदिक मंगलाचार, श्रीराम नाम संकीर्तन एवं आध्यात्मिक वातावरण ने सम्पूर्ण परिसर को भक्तिमय बना दिया।
इस अवसर पर माँ भद्रकाली जिला मानस संघ, बेमेतरा के अध्यक्ष देवलाल सिन्हा ने अपने उद्बोधन में कहा कि बेमेतरा जिले में इस प्रकार की आवासीय संगीत एवं व्याख्यान कार्यशाला का आयोजन पहली बार किया जा रहा है। यह कार्यशाला केवल संगीत अथवा व्याख्यान तक सीमित नहीं है, बल्कि श्रीरामचरितमानस के गूढ़ रहस्यों, सनातन संस्कृति के आदर्शों, धार्मिक कर्तव्यों, नैतिक मूल्यों एवं भारतीय जीवन-दर्शन के व्यापक प्रचार-प्रसार का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह आयोजन समाज में संस्कार, सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना का नया प्रकाश फैलाएगा।
कार्यशाला में बेमेतरा सहित विभिन्न जिलों से आए सैकड़ों प्रतिभागी उत्साहपूर्वक सहभागिता कर रहे हैं। प्रशिक्षार्थियों को श्रीरामचरितमानस के भाव, गायन शैली, व्याख्यान कला, मंच संचालन, उच्चारण की शुद्धता तथा आध्यात्मिक जीवन-मूल्यों की बारीकियों का विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।
कार्यक्रम में जय गंगा माँ कार्यसमिति के अध्यक्ष शालिक राम साहू, स्थानीय सरपंच लोकेश साहू, उपाध्यक्ष माखन साहू, बेमेतरा अध्यक्ष बिहारी लाल यदु, नवागढ़ अध्यक्ष महेशकुमार साहू, छगन साहू, विनय ताम्रकार, टिकेंद्र धीवर, संरक्षक राजकुमार साहू, शिव साहू, विष्णु साहू, संजय वर्मा, राजकुमार निषाद, अलख पाटिल, डॉ. ओंकार चंद्राकर, कल्याणी सेन, पप्पू सेन, नरेंद्र जायसवाल, लता निषाद, गजेन्द्र वर्मा ठोकेलाल देवांगन, ईश्वर सिंह राजपूत सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, मानस साधक, रामायण प्रेमी एवं धर्मानुरागी श्रद्धालु उपस्थित रहे।कार्यक्रम का वातावरण भक्ति, अनुशासन, सेवा और समर्पण की अनुपम भावना से ओत-प्रोत रहा। आयोजकों ने विश्वास व्यक्त किया कि यह कार्यशाला भविष्य में जिले में मानस अध्ययन, संगीत साधना एवं सनातन संस्कृति के संवर्धन की दिशा में एक मील का पत्थर सिद्ध होगी।









