
Oplus_131072
बेमेतरा:पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से आज जिला पंचायत संसाधन केंद्र (DPRC), बेमेतरा में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी, जिला पंचायत के समस्त सदस्य एवं जिला पंचायत के अधिकारी-कर्मचारियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने अपनी माताओं के सम्मान और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए पौधे लगाए तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने यह संदेश दिया कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण करना भी प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी ने कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान केवल वृक्षारोपण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति, मातृत्व और पर्यावरण के प्रति सम्मान व्यक्त करने का एक प्रेरणादायी जन अभियान है। उन्होंने कहा कि आज जलवायु परिवर्तन, बढ़ते तापमान और जल संकट जैसी चुनौतियों का प्रभावी समाधान अधिक से अधिक वृक्षारोपण और उनके संरक्षण में ही निहित है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं जिलेवासियों से आह्वान किया कि प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक पौधा अपनी माँ के नाम अवश्य लगाए और उसकी देखभाल अपने परिवार के सदस्य की तरह करे। इससे आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण, शुद्ध वायु और हरित भविष्य मिल सकेगा।
जिला पंचायत के कार्यक्रम में शामिल हुए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेमलता मंडावी,उपसंचालक जिला पंचायत सुश्री भूमिका देसाई,जिला पंचायत सभापति बलराम पटेल अंजू बघेल ,प्रीतम चंदेल, प्रीति गोविंद पटेल, एवं हरीश साहू,अंजली नंदराम गंधर्व,सुशीला जोशी,पीयूष शर्मा सभी सदस्य अधिकारी एवं कर्मचारी उत्साहपूर्वक शामिल हुए। सभी ने सामूहिक रूप से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का संकल्प लिया। यह आयोजन प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी, सामाजिक सहभागिता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता का प्रेरणादायक उदाहरण बना।









