
रायपुर:अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर माँ गोदावरी आनंदवन आश्रम में वरिष्ठ नागरिकों एवं बुजुर्ग माता-पिता के लिए विशेष योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में आश्रम में निवासरत सभी बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए योग, प्राणायाम एवं विभिन्न व्यायामों का अभ्यास किया। इस अवसर पर आश्रम के ट्रस्टी योगेश तिवारी ने स्वयं उपस्थित होकर बुजुर्गों को योगाभ्यास कराया तथा उन्हें नियमित योग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बुजुर्गों को सरल योगासन, प्राणायाम, श्वास संबंधी व्यायाम एवं स्वास्थ्यवर्धक गतिविधियों का अभ्यास करवाया। योग सत्र के दौरान बुजुर्गों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया और स्वस्थ जीवन के लिए योग को अपनाने का संकल्प लिया।
अपने संबोधन में योगेश तिवारी ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति और ऋषि परंपरा की अमूल्य धरोहर है। योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि मन, मस्तिष्क और आत्मा को संतुलित रखने की एक संपूर्ण जीवन पद्धति है। नियमित योग करने से व्यक्ति तनावमुक्त रहता है, सकारात्मक सोच विकसित होती है तथा अनेक शारीरिक और मानसिक समस्याओं से बचाव होता है। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से बुजुर्गों के लिए योग अत्यंत लाभकारी है। बढ़ती उम्र के साथ शरीर में होने वाली कई समस्याओं को योग एवं प्राणायाम के माध्यम से काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है। योग शरीर को ऊर्जा प्रदान करता है, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाता है तथा मानसिक शांति और आत्मविश्वास में वृद्धि करता है। योगेश तिवारी ने कहा कि माँ गोदावरी आनंदवन आश्रम में निवासरत सभी बुजुर्ग हमारे परिवार के सदस्य हैं। उनका स्वास्थ्य, सम्मान, सुरक्षा और खुशहाली हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने आगे कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में योग की आवश्यकता और भी अधिक बढ़ गई है। यदि प्रत्येक व्यक्ति प्रतिदिन कुछ समय योग और प्राणायाम के लिए निकाले, तो वह अनेक बीमारियों से बच सकता है और स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जी सकता है। उन्होंने सभी से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आग्रह किया। कार्यक्रम के दौरान आश्रम परिवार एवं स्टाफ के सदस्यों ने भी बुजुर्गों के साथ योगाभ्यास किया। पूरे आश्रम परिसर में उत्साह, सकारात्मक ऊर्जा और स्वास्थ्य जागरूकता का वातावरण देखने को मिला। योग शिविर के पश्चात सभी बुजुर्गों ने नियमित रूप से योग करने एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। अंत में सभी वरिष्ठ नागरिकों के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं सुखमय जीवन की कामना करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।










