
धमतरी:राज्यपाल रमेन डेका ने आज जिला एवं ब्लॉक स्तरीय प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक लेते हुए विभिन्न विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी विषयों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में जल संरक्षण, “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान, कामकाजी महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण, स्वच्छता, नशा मुक्ति अभियान, जनमन कार्यक्रम, रेडक्रॉस गतिविधियों तथा नवाचारों पर विशेष रूप से चर्चा की गई। राज्यपाल ने परिसर में एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत पौधा रोपित किया।
राज्यपाल श्री डेका ने कहा कि छत्तीसगढ़ धान उत्पादन के लिए प्रसिद्ध राज्य है, किंतु धान एक अधिक पानी वाली फसल है, इसलिए जल संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने आगाह किया कि आने वाले वर्षों में जल संकट गंभीर रूप ले सकता है, अतः सभी को अभी से सजग होकर पानी बचाने की दिशा में कार्य करना होगा। उन्होंने कम पानी में होने वाली फसलों को बढ़ावा देने पर बल दिया।








