
रायपुर:छत्तीसगढ़ के ग्रामीण अंचलों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के साथ बच्चों के सुरक्षित और बेहतर भविष्य की नींव मजबूत हो रही है। इसी बदलाव की एक प्रेरक तस्वीर सूरजपुर जिले के भैयाथान विकासखंड के ग्राम पंचायत मसीरा में देखने को मिल रही है, जहां विकसित भारत जी-राम-जी योजना के माध्यम से निर्मित नए आंगनबाड़ी भवन ने नौनिहालों के लिए सुरक्षित, सुविधाजनक और सीखने के अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया है। कभी कच्चे मकान में संचालित होने वाला आंगनबाड़ी केंद्र अब पक्के भवन में बच्चों की खिलखिलाहट और सीखने की गतिविधियों से गुलजार है।
मसीरा की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हीरामणी राजवाड़े बताती हैं कि पहले आंगनबाड़ी केंद्र कच्चे मकान में संचालित होता था। बारिश के मौसम में छत से पानी टपकने के कारण बच्चों को बैठाने और शैक्षणिक गतिविधियां संचालित करने में परेशानी होती थी। इससे अभिभावकों को भी बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता रहती थी।









