रायपुर:मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में सीधे जनता तक पहुंच कर उनकी समस्याओं के निदान करने सुशासन तिहार 2025 के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने सूरजपुर जिले के कई ग्रामों का दौरा किया। उन्होंने समाधान शिविरों में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
ग्राम शिवप्रसादनगर, कसलगिरी, पार्वतीपुर, गणेशपुर और अजबनगर में आयोजित शिविरों में मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने सीधे ग्रामीणों से संवाद किया और शासन की योजनाओं की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि यह तिहार जनता तक योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में एक सार्थक प्रयास है।
मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने न केवल प्रशासनिक संवाद किया, बल्कि गणेशपुर में आयोजित पारंपरिक सरहुल पूजा में भी सहभागिता निभाई। उन्होंने मांदर की थाप पर आदिवासी महिलाओं के साथ पारंपरिक नृत्य में भी भाग लिया, जिससे सांस्कृतिक वातावरण और भी जीवंत हो उठा।










