रायपुर:पूरे देश और दुनियाभर में प्रभु श्री राम के आने की प्रतीक्षा हो रही है। हर किसी को 22 जनवरी का बेसब्री से इंतजार है, जब अयोध्या में भगवान श्री राम 500 से अधिक वर्षों के बाद मंदिर में पुनः विराजमान होंगे। राम महोत्सव को लेकर देश भर में विभिन्न तरह के आयोजन किए जा रहे हैं। इसी के तहत भगवान श्री राम के ननिहाल छत्तीसगढ़ में भी आगामी 20 जनवरी को छत्तीसगढ़ संस्कृति विभाग के प्रयोजन से पुलिस परेड ग्राउंड में ‘गाथा श्रीराम मंदिर की’ का आयोजन होने जा रहा है।
धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस परेड ग्राउंड में 20 जनवरी शाम 6ः00 बजे “गाथा श्रीराम मंदिर की संगीतमय महागाथा का आयोजन होने जा रहा है। इसमें अयोध्या के राम मंदिर की पिछले 500 वर्षों से लेकर जनवरी 2024 तक की गाथा की संगीतमयी प्रस्तुति होगी।
इस गाथा में 500 साल पहले आक्रांताओं द्वारा मंदिर तोड़े जाने और इसके बाद से शुरू श्रीराम जन्मभूमि को मुक्त कराने की गाथा सुनाई जाएगी। कार्यक्रम पुलिस परेड ग्राउंड, पुलिस लाइन बैरन बाजार में शाम 6 बजे से आरंभ होगा। 75 मिनट की इस गाथा में 2000 से अधिक वर्षों का इतिहास नजर आएगा।









