
रायपुर:मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रदेश के दूरस्थ वनांचलों और अंतिम छोर पर बसे गांवों तक विकास का लाभ पहुंचाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सड़क, बिजली, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास के नए अवसर सृजित हो रहे हैं। हमारी सरकार का संकल्प है कि विकास की मुख्यधारा से कोई गांव और कोई परिवार वंचित न रहे।
मुख्यमंत्री श्री साय आज जशपुर जिले के कुनकुरी विकासखंड अंतर्गत ग्राम जोकारी में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने लोक निर्माण विभाग एवं सेतु विभाग के अंतर्गत 29 करोड़ 32 लाख 84 हजार रुपये की लागत के पांच विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन कर क्षेत्रवासियों को महत्वपूर्ण सौगात दी। इनमें 6 करोड़ 55 लाख 53 हजार रुपये की लागत के एक कार्य का लोकार्पण तथा 22 करोड़ 77 लाख 31 हजार रुपये की लागत के चार कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में अधोसंरचना विकास को विशेष प्राथमिकता दे रही है। दूरस्थ गांवों में बेहतर सड़क संपर्क और विश्वसनीय विद्युत आपूर्ति से न केवल लोगों का दैनिक जीवन सुगम होगा, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और रोजगार के क्षेत्र में भी नए अवसर उपलब्ध होंगे।
4.45 करोड़ रुपये के दो विद्युत उपकेंद्रों का लोकार्पण, 19 गांव होंगे लाभान्वित
मुख्यमंत्री श्री साय ने कार्यक्रम में विद्युत विभाग के अंतर्गत ग्राम काईकछार एवं बालाछापर में कुल 4 करोड़ 45 लाख रुपये की लागत से निर्मित दो 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्रों का लोकार्पण किया। इन उपकेंद्रों के प्रारंभ होने से क्षेत्र के 19 गांवों में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।








