
खरोरा तिल्दा: पर्यावरण संरक्षण मण्डल द्वारा जिले के तिल्दा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम रायखेड़ा स्थित अदाणी पॉवर लिमिटेड (एपील) के प्रस्तावित 1600 मेगावाट के क्षमता विस्तार के लिए बुधवार को आयोजित जनसुनवाई सफलता पूर्वक सम्पन्न हो गई।
कलेक्टर रायपुर द्वारा छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मण्डल के पर्यावरण स्वीकृति के आदेश के लिए जनसुनवाई 18 नवम्बर 2026 को प्रातः 11:00 बजे से ग्राम ताराशिव स्थित शासकीय मैदान में आयोजित की गई। जिसमें पीठासीन अधिकारी के रूप में रायपुर के अतिरिक्त कलेक्टर यू एस बांधे, छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मण्डल, क्षेत्रीय अधिकारी पी के रबड़े उपस्थित रहे। इसके अलावा तिल्दा ब्लॉक के एसडीएम मुकेश कोठारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंचल तिवारी, नगर पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र चतुर्वेदी सहित तहसीलदार रामप्रसाद बघेल एवं सृजन सोनकर व अन्य अधिकारी मौके पर मौजूद थे। अदाणी पॉवर लिमिटेड से पर्यावरण विभाग प्रमुख आर एन शुक्ला ने केपील परियोजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। जनसुनवाई लगभग 2.30 घंटे तक चली। जिसमें तिल्दा ब्लॉक के ग्राम रायखेड़ा, ग़ैतरा एवं सोनतरा गांव के सैकड़ों ग्रामीणों ने भाग लिया। इस दौरान पीठासीन अधिकारी श्री बाँधे ने सभा में ग्रामीणों द्वारा मुख्यरूप से क्षेत्र के विकास, नौकरी और स्वरोजगार के लिए उचित प्रबंधन सहित कई बातों तथा सुझावों को बड़े ही ध्यानपूर्वक सुनी। जनसुनवाई में कुछ ग्रामीणों ने विरोध भी किया किन्तु समर्थन में ज्यादा लोगों ने अपनी बात रखी।









