
रायपुर:कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष नौवीं को भगवान श्री हरि का आंवले के रुप में पूजन होता है जो सभी पापों से मुक्ति दिलाने वाला होता है विधी विधान से पूजन करके साष्टांग प्रणाम कर वृक्ष की छाया में सभी भोजन ग्रहण करते हैं। आंवला नवमी के पावन अवसर पर राजधानी के श्री शंकराचार्य आश्रम में आयोजित समारोह में दंडी सन्यासी डॉ. इन्दुभवानन्द तीर्थ जी महाराज ने कही।
उन्होंने कहा इस वृक्ष को “आदिरोह” कहा जाता है क्योंकि यह सृष्टि में सबसे पहले आया एवं भगवान विष्णु का प्रिय है इसके स्मरण मात्र से मनुष्य को अनन्त फल प्राप्त होता है दर्शन से दो गुना एवं फल खाने से तीन गुना पुण्य होता है अतः समस्त कामनाओं की सिद्धि के लिए आंवले का पूजन करना चाहिए।आंवले की छाया में जो भी पुण्य किया जाता है वह कोटि गुना होता है जो मनुष्य आंवले के नीचे दीपदान करता है वह पुण्यवान होता है ।
राजधानी के श्री जगद्गुरु शंकराचार्य आश्रम में परम पवित्र आंवला नवमी का पूजन परम पूज्य दण्डी स्वामी डॉ इन्दुभवानन्द तीर्थ जी महाराज के पावन सानिध्य में प्रातः काल से प्रारंभ हुआ भगवान श्री नारायण का पूजन एवं आंवला फल से अर्चन एवं श्रीयंत्र पूजन दीपार्चन कर आरती सम्पन्न हुई तथा सभी भक्तों ने दण्डी स्वामी इन्दुभवानन्द तीर्थ जी महाराज के साथ आंवला वृक्ष की परिक्रमा कीर्तन करते हुए पूर्ण की। साथ ही विभिन्न द्रव्यों से आंवला वृक्ष की छाया में भगवान श्री नारायण को भोग लगाया गया। उपरांत बड़ी संख्या में भक्तों ने आंवला वृक्ष के नीचे आनन्द से भोग प्रसाद ग्रहण किया।।









