
रायपुर:छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में किसानों की खुशहाली और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए संचालित योजनाएं ग्रामीण परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी और कृषक हितैषी योजनाओं से प्राप्त आर्थिक संबल अब किसानों के सपनों को साकार करने का माध्यम बन रहा है। इसकी प्रेरक मिसाल धमतरी जिले के ग्राम बोरिदखुर्द के किसान श्री रामरतन साहू हैं, जिन्होंने धान की कमाई से ट्रैक्टर खरीदकर न केवल खेती को आधुनिक बनाया, बल्कि अपने बेटे को भी खेती-किसानी से जोड़कर परिवार की समृद्धि का नया रास्ता तैयार किया है।
पिता ने मेहनत से खरीदा ट्रैक्टर, बेटे के हाथों में खेती की नई उम्मीद
किसान रामरतन साहू की सफलता की कहानी मेहनत, सही आर्थिक निर्णय और शासन की योजनाओं से मिले संबल की कहानी है। लगभग ढाई एकड़ कृषि भूमि पर खेती करने वाले रामरतन साहू ने पिछले वर्ष धान विक्रय से प्राप्त आमदनी का उपयोग कृषि कार्यों को बेहतर बनाने में किया। उन्होंने अपनी कमाई से ट्रैक्टर खरीदा, जो आज उनके परिवार के लिए आत्मनिर्भरता और प्रगति का प्रतीक बन गया है
रामरतन साहू बताते हैं कि पहले खेती के अनेक कार्यों के लिए दूसरे लोगों के कृषि यंत्रों पर निर्भर रहना पड़ता था। इससे समय और धन दोनों खर्च होते थे। अब अपना ट्रैक्टर होने से खेतों की जुताई और अन्य कृषि कार्यों में सुविधा हो रही है। सबसे बड़ी खुशी यह है कि उनका बेटा स्वयं ट्रैक्टर चलाकर खेती में सहयोग कर रहा है। वे गर्व से कहते हैं कि धान बेचकर मिली कमाई से ट्रैक्टर खरीदना मेरे लिए बड़ी उपलब्धि है।









