
दुर्ग:छत्तीसगढ़ की उभरती हुई बाल कथक नृत्यांगना वर्णिका तिवारी ने अपनी शानदार नृत्य प्रस्तुति से रायपुर सहित पूरे प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। भिलाई में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक समरसता समारोह देश राग 2026 में वर्णिका ने कथक नृत्य की सब-जूनियर श्रेणी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया।
यह भव्य आयोजन 24 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक भिलाई की नृत्यधाम कला समिति द्वारा एसएनजीडीएस ऑडिटोरियम, सेक्टर-4, भिलाई में आयोजित किया गया। वर्णिका तिवारी ने अपनी मनमोहक कथक प्रस्तुति, शानदार भाव-भंगिमाओं, लय, ताल और उत्कृष्ट नृत्य कौशल से निर्णायकों को प्रभावित किया और सब-जूनियर वर्ग में प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के पीछे वर्णिका की निरंतर मेहनत, लगन और उनकी गुरु डॉ. संगीता कापसे का कुशल मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण रहा है। वर्णिका संगीता कला अकादमी में कथक नृत्य का प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। गुरु के मार्गदर्शन में निरंतर अभ्यास और नृत्य के प्रति समर्पण ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है।
वर्णिका की इस शानदार सफलता पर उनकी गुरु डॉ. संगीता कापसे, संगीता कला अकादमी के सदस्यों, परिवारजनों एवं शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
वर्णिका की यह उपलब्धि रायपुर और पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है। इतनी कम उम्र में कला के क्षेत्र में हासिल की गई यह सफलता अन्य बच्चों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। वर्णिका ने अपनी प्रतिभा और समर्पण से यह साबित किया है कि सही मार्गदर्शन, कठिन परिश्रम और निरंतर साधना से सफलता के नए आयाम स्थापित किए जा सकते हैं।








