
रायपुर:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन की प्रेरणादायी यात्रा और उनके सेवा संकल्प को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से विकासखंड बेरला के हाई स्कूल मुरता में ’’नमो सेवा की अनकही कहानियां’’ विषय पर ब्लॉक स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी कला और विचारों के माध्यम से प्रधानमंत्री जी के 25 वर्षों के सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को जीवंत कर दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के खाद्य मंत्री दयालदास बघेल शामिल हुए। उन्होंने बच्चों द्वारा बनाई गई चित्रकला प्रदर्शनी का अवलोकन किया और भाषण प्रतियोगिता में बच्चों के विचार सुने। बच्चों की प्रतिभा देखकर मंत्री जी ने उनकी सराहना की और उत्साहवर्धन किया।
आज के बच्चे कल के भारत के निर्माता – मंत्री बघेल
अपने उद्बोधन में मंत्री दयालदास बघेल ने कहा कि आज के बच्चे ही कल के भारत की भावी पीढ़ी हैं। भारत को विश्व स्तर पर शिखर पर ले जाने की जिम्मेदारी युवाओं के कंधों पर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने अपने जीवन को देश सेवा के लिए समर्पित कर दिया है। चाय बेचने वाले एक सामान्य परिवार से निकलकर देश के प्रधानमंत्री बनने तक का उनका संघर्ष, उनकी अनकही कहानियां हर युवा के लिए प्रेरणा हैं।










