
रायपुर:उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा आज शाम कवर्धा के पोस्ट मैट्रिक अनु. जनजाति बालक छात्रावास पहुंचे। उन्होंने छात्रावासी बच्चों से मुलाकात की और साथ बैठकर उनके पढ़ाई लिखाई, आगे की करियर प्लानिंग पर विस्तार से बात की। उन्होंने यहां निवासरत प्रत्येक बच्चे से व्यक्तिगत रूप से बात करते हुए उनके बारे में जानकारी ली।
उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने छात्रों से कहा कि पोस्ट मैट्रिक के छात्र स्कूली पढ़ाई पूर्ण कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हुए कैरियर निर्माण की ओर आगे बढ़ रहे होते हैं। छात्रों की सुविधा के लिए उन्होंने छात्रावास में स्मार्ट क्लासरूम लगाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं के सिलेबस के अनुसार कंटेंट स्मार्ट क्लासरूम में फीड किए जाएंगे। उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने बच्चों की मांग पर छात्रावास की लाइब्रेरी में इंटरनेट युक्त कंप्यूटर भी प्रदान करने के निर्देश दिए।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने छात्रों से कहा कि जीवन में लक्ष्य बनाकर उसे पाने के लिए पूरी लगन से मेहनत करें। परिणाम क्या आएगा इसकी चिंता में समय व्यर्थ न गंवाएं और अपने प्रयासों में कमी न रखें। यदि पूरे समर्पण के साथ प्रयास किए जायें तो सफलता जरूरी मिलती है। यदि कभी असफलता मिले तो याद रखें कि किसी भी ध्येय को पाने के लिए किया गया प्रयास जीवन में कहीं न कहीं काम जरूर आता है। उन्होंने छात्रों से कहा कि आज का समय तकनीक का है। तकनीक आधारित तैयारी समय बचाने के साथ तैयारी को भी पुख्ता करती है। इस दौरान उन्होंने बच्चों को अच्छे से पढ़ाई करने की शुभकामनाएं देते हुए उपहार में पेन दिए और बारिश के मौसम को देखते हुए छाता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।









