
रायपुर:शंकराचार्य आश्रम बोरिया कला रायपुर में चल रहे चातुर्मास प्रवचन श्रृंखला के क्रम में चल रहे शिव पुराण की दिव्य अमृतमयी कथा की व्याख्या करते हुए शंकराचार्य आश्रम के प्रभारी डॉ. इन्दुभवानन्द तीर्थ जी महाराज ने बताया कि शिव नाम से प्राणियों के समस्त पाप नष्ट हो जाते जिसके मुंह में भगवान शिव का नाम रहता है अथवा जो भक्त भगवान शंकर का नाम जपता रहता है उस भक्त के दर्शन करने मात्र से प्राणियों के पाप नष्ट हो जाते हैं जो भगवान शिव का भक्त है उसके गले में रुद्राक्ष की माला मस्तक में भस्म तथा मुख में शिव नाम होता है तो उसके दर्शन करने से त् त्रिवेणी स्नान का पुण्य प्राप्त होता है। पाप मूलक नाना प्रकार के दुख एक मात्र शिव नाम के लेने से नष्ट हो जाते हैं दूसरे अन्य साधनों से संपूर्ण यत्न करने के बाद भी पाप और पाप की वासना नष्ट नहीं होती है परन्तु भगवान शंकर के नाम लेने से जीव की पाप एवं पाप की वासना भी नष्ट हो जाती है। भगवान शंकर को *हर* बोलते हैं हर का मतलब है जो पाप की वासना को भी नष्ट कर दे भगवान शंकर के नाम लेने से व्यक्ति के पाप करने की प्रवृत्ति ही समाप्त हो जाती है। बड़े से बड़े पापियों में उतने पाप करने की सामर्थ नहीं है जितना कि भगवान शिव के नाम में पाप निर्वृत्त (नष्ट) करने की शक्ति है। समस्त अपरमित पाप राशियां शिव नाम लेने से ही शीघ्र नष्ट हो जाती है। शिव नाम रूपी नौका पर सवार होकर के व्यक्ति संसार सागर को सहज ढंग से ही पार हो जाता है। संसार के मूलभूत पातक रूपी वृक्ष का शिव नाम रूपी कुठार से निश्चय ही नाश हो जाता है, जो पाप रूपी दावानल से पीड़ित है उन्हें शिव नाम रूपी अमृत का पान करना चाहिए। पापों के दावानल से दग्ध होने वाले लोगों को इस *शिवनाममृत* के बिना शांति नहीं मिल सकती है।
उन्होंने कहा जो शिव नाम रूपी सुधा की वृष्टिजनित धारा में गोता लगाता है वे संसार रूपी दावानल के बीच में खड़े होने पर भी कदापि शोक के भागी नहीं होते है। जिन महात्माओं के मन में शिव नाम की प्रति बड़ी भक्ति है आदर है ऐसे लोगों की सहज मुक्ति हो जाती है जिसने अनेक जन्मों तक तपस्या की है उसी की शिव नाम के प्रति भक्ति होती है जो समस्त पापों को नाश कर देती जो अनेक पाप करके भी भगवान शिव के नाम जप में आदर रखता है वह समस्त पापों से मुक्त हो जाता इसमें यत्किंचित भी कहीं कोई संदेह नहीं करना चाहिए। कथा के पूर्व समस्त भक्तों ने मिलकर शिव पुराण पोथी का पूजन किया तथा संस्कृत विद्यालय के छात्रों ने वेद पाठ संपन्न कराया।







