
रायपुर:मुख्य सचिव विकास शील की अध्यक्षता में आज मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर अटल नगर में छत्तीसगढ़ सरकार की जनकल्याणकारी योजना की राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में नियद नेल्लानार 2.0, पूर्व नक्सल प्रभावित (एलडब्ल्यूई) सात जिलों, बस्तर मुन्ने अभियान, सुघ्घर छत्तीसगढ़ पोर्टल, एनसीएईआर सर्वे तथा मावा सेहत-मावा बस्तर अभियान की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में हितग्राही मूलक योजनाओं के शत-प्रतिशत लाभ सभी पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने, डेटाबेस अद्यतन, पात्र हितग्राहियों के सत्यापन तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र हितग्राहियों का शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित किया जाए तथा बस्तर मुन्ने पोर्टल, सुघ्घर छत्तीसगढ़ पोर्टल एवं अन्य संबंधित पोर्टलों पर सभी प्रविष्टियां अद्यतन रखी जाएं। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र हितग्राही को शासन की योजनाओं के लाभ से छूटना नहीं चाहिए। जहां आवश्यकता हो, वहां विशेष अभियान एवं शिविर आयोजित कर शत-प्रतिशत हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाए। मुख्य सचिव ने इन सभी योजनाओं का अद्यतन डाटा समय पर अपलोड करने, एनसीएईआर सर्वे डाटा का शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित करने तथा हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए।








