
दिल्ली:मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और युद्ध को समाप्त कराने के प्रयासों के बीच ईरान ने एक अहम ऐलान किया है. रविवार (24 मई) को ईरान की ओर से कहा गया कि आने वाले 30 दिनों में स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से जहाजों की आवाजाही फिर से सामान्य होने की प्रबल संभावना है. ईरान ने ऐलान किया कि आने वाले समय में यहां से जहाजों की गुजरने की तादात फिर से पहले जैसी हो सकती है.
ईरान की ओर से जारी किए गए इस बयान के बाद दुनिया के सभी देश राहत की खबर के तौर पर देख रहे हैं. आने वाले दिनों में जब सबकुछ सामान्य होने लगेगा, तो संभव है कि कच्चे तेल की कीमतों में कमी आएगी और पेट्रोल-डीजल की कीमतें भी कम होंगे.
होर्मुज स्ट्रेट दुनिया के लिए एक लाइफलाइन है और पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के बाद इसके बंद होने से दुनिया के अधिकांश देशों में ईंधन संकट खड़ा हो गया है. दुनिया के सभी देशों की इकॉनॉमी पर बुरा असर पड़ा है. इस बीच होर्मुज पर अगले 30 दिनों में स्थिति सामान्य होने की बात किसी बड़ी राहत से कम नहीं है. अल जजीरा इंग्लिश की एक रिपोर्ट के अनुसार, ईरान ने होर्मुज को लेकर रविवार को यह बड़ा ऐलान किया है.
इसी साल 28 फरवरी को अमेरिका-इजरायल के ईरान पर संयुक्त हमले के बाद पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ गया था. ईरान ने एक्शन लेते हुए होर्मुज को पूरी तरीके से बंद कर दिया था, जिससे कच्चा तेल लेकर आवाजाही करने वाले जहाज फंस गए थे. जहाज मालिक और उससे जुड़ी कंपनियां भारी नुकसान के साए में जी रहे थे, अब स्थिति सामान्य होने की खबर ने उन्हें राहत दी है.
गौरतलब है कि अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो इस समय भारत की यात्रा पर हैं. इस बीच उन्होंने एक बड़ा दावा किया है. अमेरिकी विदेश मंत्री ने कहा कि अब से कुछ देर में ईरान के साथ डील को लेकर कोई बड़ी खबर सामने आ सकती है. जिसके बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि अमेरिका और ईरान के बीच डील पर बात बनने लगी है.








