
रायपुर:छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित “जन भागीदारी : सबसे दूर, सबसे पहले” अभियान के तहत आयोजित जनजातीय गरिमा उत्सव शिविर अब दूरस्थ वनांचलों में रहने वाले विशेष पिछड़ी जनजातीय समुदायों के लिए राहत और भरोसे का माध्यम बनते जा रहे हैं। शिविरों के जरिए स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा, खाद्य, कृषि, राजस्व और श्रम विभाग की योजनाओं का लाभ ग्रामीणों को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जा रहा है।
इसी क्रम में बलरामपुर जिले के विकासखंड राजपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत पतरापारा तथा विकासखंड रामचंद्रपुर के ग्राम बराहनगर में आयोजित जनजातीय गरिमा उत्सव शिविरों में बड़ी संख्या में पहाड़ी कोरवा परिवार शामिल हुए। शिविरों में अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर समाधान की प्रक्रिया प्रारंभ की।
राजपुर विकासखंड के पतरापारा शिविर में डिगनगर, अमदरी, चंद्रगढ़ और करजी सहित आसपास के गांवों से पहुंचे ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 71 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया, जबकि 21 लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए ताकि जरूरतमंद परिवारों को नि:शुल्क उपचार सुविधा मिल सके। कृषि विभाग द्वारा 11 किसानों का एग्री स्टैक पंजीयन भी किया गया।वहीं रामचंद्रपुर विकासखंड के बराहनगर शिविर में राजस्व विभाग ने 6 जाति प्रमाण पत्र, 6 आय प्रमाण पत्र और 6 निवास प्रमाण पत्र जारी किए। इसके अलावा 27 जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र भी ग्रामीणों को प्रदान किए गए। खाद्य विभाग द्वारा 37 हितग्राहियों को राशन कार्ड वितरित किए गए, जिससे पात्र परिवारों को खाद्यान्न सुविधा का लाभ मिलेगा।










